

आसनसोल : पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन द्वारा आसनसोल के रवींद्र भवन में भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं महान शिक्षाविद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल सरकार ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती अर्थात 6 जुलाई के मौके पर पूरे राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। राज्य सरकार के निर्देशानुसार पश्चिम बर्दवान सहित विभिन्न जिलों के सरकारी कार्यालय और शैक्षणिक संस्थान बंद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। मौके पर पश्चिम बर्दवान के जिला अधिकारी एस. पोन्नमबलम ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार के निर्देश पर पूरे राज्य के साथ-साथ पश्चिम बर्दवान जिले में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर जिला, महकमा और ब्लॉक स्तर पर विभिन्न सरकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, विद्यार्थियों से पुस्तकें पढ़ने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि स्कूल की पुस्तकें पढ़ना अच्छी बात है, पर सिर्फ स्कूली किताबें पढ़ने से ही पूरी जानकारी नहीं मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को लाइब्रेरी जाकर पुस्तकें पढ़ने की सलाह दी और कहा कि पुस्तकें पढ़ने का अभ्यास हमारे मस्तिष्क को और मजबूत बनाता है। इस मौके पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के सीपी डॉ. प्रणव कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनू भट्टाचार्य, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, रानीगंज के विधायक पार्थ घोष सहित क्षेत्र के कई अन्य विशिष्ट लोग मौजूद थे।