

बांकुड़ा : जिले के छातना ब्लॉक में सरकारी काम में बाधा डालने और बिजली विभाग के अस्थाई कर्मियों के साथ बर्बरता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। छातना के घोष ग्राम अंचल अंतर्गत विदना इलाके में एक व्यक्ति ने बिजली कर्मियों को न केवल पेड़ से बांधकर पीटा, बल्कि उन पर धारदार हथियार से हमला करने का भी प्रयास किया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, शीत ऋतु के मद्देनजर बिजली विभाग की एक ठेका संस्था के कर्मी छातना 33/11 KV सब-स्टेशन के तकनीकी कर्मचारी 'बिंदना' गांव में बरशी फीडर के पास निर्धारित पेड़ छंटाई का काम कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान स्थानीय निवासी रोहित मंडल ने कर्मियों पर उसके निजी पेड़ काटने का आरोप लगाया और उनके साथ विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि रोहित ने कर्मियों मेघनाद सोरेन, गुरपद हांसदा को पकड़कर जबरन एक पेड़ से बांध दिया और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसने धारदार हथियार (कटारी ) से हमला करने का प्रयास किया। घायल दोनों कर्मी विभिन्न अस्पतालों में चिकित्साधीन है। वहीं घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बांकुड़ा डिवीजन के बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। छातना थाना पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर बंधक बनाए गए कर्मियों को मुक्त कराया। बिजली विभाग के अधिकारी देवकांत मजूमदार ने इस बावत अभियुक्त के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज आरआई है। पुलिस ने मुख्य अभियुक्त रोहित मंडल को गिरफ्तार कर लिया। उसे बांकुड़ा अदालत में पेश किया गया।