

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : 290 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। कोहिनूर पावर प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ जांच करते हुए ED ने शुक्रवार को कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल में 7 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
शुक्रवार तड़के से ही दुर्गापुर के विधाननगर स्थित उद्योगपति के घर पर ED की टीम ने तलाशी शुरू की। बताया जा रहा है कि कोहिनूर पावर से जुड़े संदिग्ध लोगों के ठिकानों पर यह अभियान चलाया गया।
सूत्रों के मुताबिक, कंपनी पर बैंकों से 290 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। इस दौरान ली गई लोन की रकम को गलत तरीके से इस्तेमाल करने का शक है। ED के अधिकारी कंपनी के दस्तावेज, बैंक लेन-देन और संपत्ति से जुड़े कागजात खंगाल रहे हैं।
इस छापेमारी के दौरान सुरक्षा के लिए केंद्रीय बल और राज्य पुलिस की मदद ली गई। कई घंटों तक चली इस तलाशी में कई अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए जाने की खबर है।