

पांडवेश्वर: विशेष अभियान 6 के अंतर्गत कर्मचारी कल्याण, कार्यस्थल पर स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और सुरक्षित कार्य वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को ईसीएल के सोनपुर बाजारी प्रोजेक्ट में एक दिवसीय 'श्वसन स्वास्थ्य जांच शिविर' (रेस्पिरेटरी हेल्थ कैंप) का आयोजन किया गया। यह शिविर सोनपुर बाजारी क्षेत्र के चिकित्सा विभाग और एक प्राइवेट अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में विशेष रूप से संविदा कर्मियों के लिए आयोजित किया गया। शिविर के दौरान पल्मोनोलॉजिस्ट (फेफड़ा रोग विशेषज्ञ) द्वारा चिकित्सकीय परामर्श के साथ-साथ फेफड़ों की कार्यक्षमता जांचने के लिए स्पायरोमेट्री टेस्ट, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर (बीपी) की निःशुल्क जांच की गई। इसके अतिरिक्त, कर्मियों को मास्क के उचित उपयोग और श्वसन संबंधी बचाव के उपायों के प्रति जागरूक भी किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर का कुल 77 कर्मियों ने लाभ उठाया।