ईसीएल में ई-वेस्ट पर सख्त हुआ प्रबंधन

मुख्यालय से खदान क्षेत्रों तक बनेगा जिम्मेदार निस्तारण का सिस्टम,ईसीएल ई-वेस्ट प्रबंधन की दिशा में नई पहल शुरू की शुरुआत
कियोस्क उद्घाटन मौके पर उपस्थित निदेशकगण
कियोस्क उद्घाटन मौके पर उपस्थित निदेशकगण
Published on: 

जितेन्द्र, सन्मार्ग संवाददाता

सांकतोड़िया : पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ कार्यस्थल को लेकर ईसीएल ने ई-वेस्ट प्रबंधन की दिशा में नई पहल शुरू की है। विशेष अभियान-6 के तहत कंपनी के मुख्यालय सांकतोड़िया समेत विभिन्न परिचालन क्षेत्रों में ई-वेस्ट संग्रहण कियोस्क और बॉक्स स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही कर्मचारियों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे को सामान्य कचरे से अलग रखने और अधिकृत माध्यम से उसके निस्तारण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।ईसीएल प्रबंधन की इस पहल का उद्देश्य कार्यालयों और परिचालन क्षेत्रों में निकलने वाले पुराने एवं अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का व्यवस्थित तरीके से संग्रहण कर उनका उचित निस्तारण सुनिश्चित करना है। इसके लिए कर्मचारियों को ई-वेस्ट को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित संग्रहण केंद्रों में जमा कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मुख्यालय में आयोजित अभियान में निदेशक (कार्मिक) गुंजन कुमार सिन्हा, निदेशक (तकनीकी/पीएंडपी) गिरीश गोपीनाथन नायर, निदेशक (तकनीकी/ऑपरेशंस) चित्तरंजन कुमार और विशेष अभियान-6 के नोडल अधिकारी नजरूल इस्लाम की सक्रिय भागीदारी रही। वहीं, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों और परिचालन क्षेत्रों के महाप्रबंधकों ने भी अपने-अपने स्तर पर अभियान को आगे बढ़ाया।

ई-वेस्ट को सामान्य कचरे से अलग रखने पर जोर

अभियान के दौरान कर्मचारियों को बताया गया कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से निकलने वाले कचरे को सामान्य कचरे के साथ मिलाने के बजाय अलग से संग्रहित करना जरूरी है। इसके लिए ईसीएल के विभिन्न कार्यालयों और क्षेत्रों में संग्रहण बॉक्स लगाए गए हैं। एकत्रित ई-वेस्ट को अधिकृत माध्यमों के जरिए आगे भेजकर नियमानुसार निस्तारित करने की व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है।

पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छ कार्यस्थल का लक्ष्य

ईसीएल की यह पहल स्वच्छता अभियान को पर्यावरणीय जिम्मेदारी से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कंपनी का जोर केवल कार्यालय परिसर को साफ रखने पर ही नहीं, बल्कि कर्मचारियों में सतत और जिम्मेदार कचरा प्रबंधन की संस्कृति विकसित करने पर भी है। विशेष अभियान-6 के तहत शुरू की गई इस पहल से ईसीएल के कार्यालयों और परिचालन क्षेत्रों में ई-वेस्ट के बिखरे हुए निस्तारण पर रोक लगाने तथा उसके वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in