

अंडाल : ECL के काजोड़ा क्षेत्र अंतर्गत परासकोल कोलियरी प्रबंधन ने एक नोटिस जारी कर साफ कर दिया है कि अगले सात दिनों के भीतर क्षेत्र के सभी अवैध बिजली कनेक्शनों को काट दिया जाएगा। वहीं जैसे ही इस नोटिस की जानकारी स्थानीय लोगों को मिली, उनका गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण उक्त कोलियरी कार्यालय के सामने एकत्र हुए और ईसीएल प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। आंदोलन कर रहे लोगों का कहना है कि ईसीएल के पुराने नियमों के अनुसार, कोलियरी के आसपास के 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों को बिजली और पानी की आपूर्ति करना प्रबंधन की जिम्मेदारी है। हम सालों से ईसीएल की बिजली का उपयोग कर रहे हैं। आज अचानक प्रबंधन बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के पूरे इलाके की बिजली काटने की योजना बना रहा है, जिसे हम कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।
बिजली काटी तो होगा बड़ा आंदोलन : विनोद मिस्त्री
पांडवेश्वर मंडल-2 के भाजपा उपाध्यक्ष व स्थानीय नेता विनोद मिस्त्री ने ईसीएल प्रबंधन के इस कदम की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि ईसीएल प्रबंधन अपनी कमियों और नुकसान को छिपाने के लिए आम जनता को निशाना बना रहा है और जगह-जगह नोटिस चिपकाकर डराने की कोशिश कर रहा है। अगर आने वाले दिनों में जबरन बिजली कनेक्शन काटने की कोशिश की गई, तो आम जनता सड़कों पर उतरेगी और एक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। वहीं इस प्रदर्शन को लेकर प्रबंधन की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।