

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता
सांकतोड़िया : राष्ट्रीयकृत कोयला उद्योग के निजीकरण और ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) की खदानों को एमडीओ (माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर) एवं रेवेन्यू शेयरिंग व्यवस्था के तहत निजी कंपनियों को सौंपे जाने के खिलाफ कोयला मजदूरों का विरोध तेज होने लगा है। इस मुद्दे को लेकर सीटू ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। धेमोमेन कोलियरी ने पथ सभा के माध्यम से मजदूरों को एक होने का आह्वान किया। कोयला प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ आगामी 15 दिसंबर से 22 दिसंबर तक रानीगंज से कोलकाता तक पदयात्रा आयोजित करने का आह्वान किया है। संगठन का आरोप है कि एमडीओ और रेवेन्यू शेयरिंग के नाम पर राष्ट्रीयकृत कोयला उद्योग को धीरे-धीरे निजी कंपनियों के नियंत्रण में देने की कोशिश की जा रही है। ईसीएल की कोयला खदानों को निजी ऑपरेटरों के हवाले करने की नीति से न केवल सार्वजनिक क्षेत्र की भूमिका कमजोर होगी, बल्कि आने वाले समय में विभागीय कर्मचारियों के रोजगार, सेवा सुरक्षा और भविष्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि कोयला उद्योग का राष्ट्रीयकरण मजदूरों के लंबे संघर्ष का परिणाम है और इसे किसी भी रूप में निजी हाथों में सौंपने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। सीटू नेता सुजीत भट्टाचार्या ने कहा कि ईसीएल की चालू कोयला खदानों को बंद करने के बजाय उनकी उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया जाना चाहिए कंपनी के पास अपनी श्रमशक्ति, अनुभवी कर्मचारी और तकनीकी संसाधन उपलब्ध हैं, तो विभागीय स्तर पर मशीनीकरण को मजबूत कर उत्पादन बढ़ाने की दिशा में गंभीर प्रयास क्यों नहीं किए जा रहे हैं?