

पांडवेश्वर: ईसीएल की महत्वपूर्ण और पायनियर इकाई ‘सोनपुर बाजारी परियोजना’ का CMD सतीश झा ने मंगलवार को दौरा किया। निदेशक (तकनीकी-परिचालन) चितरंजन कुमार के साथ पहुंचे CMD ने वर्षाकाल के बाद खदान की वास्तविक स्थिति, कोयला उत्पादन और संरक्षा (सेफ्टी) प्रबंधों की जमीनी पड़ताल की। शीर्ष प्रबंधन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए बिना उत्पादन गति को तेज किया जाए और तय समयसीमा के भीतर लक्ष्यों को हासिल किया जाए। परियोजना स्थल पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक (जीएम) शंभू कुमार झा व उनकी टीम ने शीर्ष अधिकारियों का स्वागत किया। CMD ने ओपन कास्ट माइंस में विभागीय शॉवेल की उपलब्धता, हॉल-रोड (कोयला परिवहन मार्ग) की स्थिति, ड्रैगलाइन संचालन और भारी मशीनों के रख-रखाव का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने विभागीय माइंस के साथ-साथ आउटसोर्सिंग पैचों का भी जायजा लिया और संबंधित एजेंसियों को उपकरणों की कार्यक्षमता दुरुस्त रखने तथा सुरक्षित खनन पद्धतियों के शत-प्रतिशत पालन की सख्त हिदायत दी।