कोयला खनन में आएगी एआई क्रांति, स्मार्ट माइनिंग की ओर बढ़ेगा ईसीएल : सीएमडी

पारंपरिक खनन से स्मार्ट माइनिंग की ओर बढ़ेगा उद्योग
कोयला खनन में आएगी एआई क्रांति, स्मार्ट माइनिंग की ओर बढ़ेगा ईसीएल : सीएमडी
Published on: 

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता

सांकतोड़िया : कोयला खनन का पारंपरिक तरीका अब तेजी से बदलने की ओर अग्रसर है। आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस खनन उद्योग की कार्यप्रणाली को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उत्पादन क्षमता बढ़ाने, मशीनों के बेहतर इस्तेमाल, खदानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पर्यावरण के अनुकूल टिकाऊ खनन को बढ़ावा देने में एआई आधारित तकनीक निर्णायक साबित हो सकती है। यह बात ईसीएल के सीएमडी डॉ. सतीश झा ने कही।

डॉ. सतीश झा धनबाद स्थित बीआईटी सिंदरी परिसर में बीआईटी सिंदरी एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से आयोजित ''माइनिंग और उससे जुड़े उद्योगों में एआई-बेस्ड मॉडलिंग'' विषयक कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में ईसीएल के निदेशक (वित्त) मोहम्मद अंजार आलम तथा निदेशक (तकनीकी/संचालन) चितरंजन कुमार भी उपस्थित रहे।

पारंपरिक खनन से स्मार्ट माइनिंग की ओर बढ़ेगा उद्योग

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य खनन और उससे जुड़े औद्योगिक क्षेत्रों में एआई आधारित मॉडलिंग की संभावनाओं को समझना और इसके व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा देना रहा। विशेषज्ञों और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने इस बात पर जोर दिया कि बदलती तकनीकी परिस्थितियों में खनन क्षेत्र को भी आधुनिक तकनीकों के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा। एआई मदद से खदानों के संचालन से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण, उत्पादन की बेहतर योजना, संसाधनों का अधिकतम उपयोग और परिचालन संबंधी चुनौतियों का समय रहते आकलन किया जा सकता है।

सुरक्षा और उत्पादन दक्षता में भी मिलेगी मदद

कोयला खदानों में सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में एआई आधारित मॉडलिंग के जरिए संभावित जोखिमों की पहचान, मशीनों की कार्यक्षमता की निगरानी और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने की दिशा में नई संभावनाएं विकसित हो सकती हैं। इसके अलावा उपकरणों में संभावित तकनीकी खराबी का पूर्वानुमान लगाकर समय रहते रखरखाव की योजना तैयार करना भी संभव हो सकता है। इससे मशीनों के अचानक बंद होने की समस्या कम करने और उत्पादन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिल सकती है।

उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग पर जोर

कार्यशाला में उद्योग जगत के पेशेवरों, शिक्षाविदों और तकनीकी विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर लाया गया। इसका उद्देश्य केवल एआई तकनीक की जानकारी देना नहीं, बल्कि खनन उद्योग की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए आधुनिक तकनीकी मॉडल विकसित करने की संभावनाओं पर विचार करना भी रहा। साथ ही टिकाऊ खनन, परिचालन दक्षता और तकनीकी नवाचार को भविष्य की जरूरत के रूप में रेखांकित किया गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News