दीपावली और छठ पूजा से पहले EB का चला छापेमारी अभियान

होटलों, मिठाई दुकानों एवं अन्य दुकानों में चला जांच अभियान
जांज करते फूड सेफ्टी ऑफिसर एवं ईबी अधिकारी
जांज करते फूड सेफ्टी ऑफिसर एवं ईबी अधिकारी
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : दीपावली और छठ पूजा को लेकर आसनसोल शहर में प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। त्योहारों के दौरान आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से एक बड़ा संयुक्त अभियान चलाया गया। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ-साथ एनफोर्समेंट ब्रांच (ईबी) और पुलिस भी शामिल थी। शुक्रवार को शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष कर आसनसोल बस स्टैंड इलाके में खाद्य दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट, अस्थायी स्टॉल, ठेले और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर खाने की गुणवत्ता, साफ-सफाई और आवश्यक लाइसेंस से संबंधित मामलों की जांच की गई। अधिकारियों ने मौके पर जाकर यह देखा कि खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं।

प्रतिबंधित रंग, मछली-मांस और भंडारण की हुई विशेष जांच : इस संबंध में फूड सेफ्टी ऑफिसर आसनसोल सुकृति मुखर्जी ने बताया कि विशेष रूप से खाने में प्रतिबंधित या गैर-अनुमोदित रंगों का इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा है, इसकी जांच की जा रही है। इसके अलावा दुकानों में रखे मछली-मांस की गुणवत्ता सही है या नहीं और खाद्य पदार्थों के भंडारण में स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं, इस पर भी विशेष ध्यान दिया गया। आगे कहा कि त्योहारों के समय मिठाई, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग काफी बढ़ जाती है। ऐसे में कुछ दुकानदार जल्दबाजी में गुणवत्ता से समझौता कर लेते हैं। इसी को रोकने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है ताकि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाना मिल सके। सैनिटाइजेशन और लाइसेंस की भी जांच इसके अलावा दुकानों में सैनिटाइजेशन की व्यवस्था और आवश्यक लाइसेंस की उपलब्धता की भी जांच की जा रही है। शुक्रवार को चार-पांच होटलों और खाद्य दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रसोई घर, भंडार कक्ष, फ्रिज और काम करने वाले कर्मचारियों की स्वच्छता को भी देखा गया। शुरुआती जांच में कुछ छोटी दुकानों में आवश्यक रजिस्ट्रेशन या दस्तावेज नहीं मिले। संबंधित दुकानदारों को जल्द आवेदन कर रजिस्ट्रेशन कराने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि बिना रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस के खाद्य सामग्री बेचना नियमों का उल्लंघन है और ऐसा करने वालों के खिलाफ आगे कार्रवाई की जाएगी। बड़े होटलों और मिठाई दुकानों में साफ-सफाई और गुणवत्ता के नियमों का पालन किया जा रहा है। काली पूजा और छठ पूजा से पहले शुरू की गई निगरानी आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी। पूजा के मद्देनजर विभिन्न अस्थायी खाद्य स्टॉल, होटल, रेस्टोरेंट, ठेले और मिठाई की दुकानों में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से अभियान चलाया गया। इस मौके पर ईबी अधिकारी लोकेश दास, तोफेल अहमद खान सहित पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News