

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आसनसोल गर्ल्स कॉलेज में गुरुवार को मिशन लाइफ के तहत ई-कचरा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कॉलेज प्रबंधन के तत्वावधान में और हुल्लाडेक रिसाइक्लिंग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं के साथ-साथ शिक्षकों और पर्यावरण प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भारत सरकार के मिशन लाइफ के थीम-6 “रिड्यूस ई-वेस्ट” पर आधारित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ई-कचरे के बढ़ते खतरे और उसके दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना था। कार्यक्रम में बताया गया कि मोबाइल, लैपटॉप, चार्जर, बैटरी, टीवी, फ्रिज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से निकलने वाला कचरा यदि सही तरीके से निपटाया न जाए, तो यह मिट्टी, पानी और हवा को गंभीर रूप से प्रदूषित करता है। साथ ही इसमें मौजूद जहरीले तत्व मानव स्वास्थ्य के लिए भी बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में एक विशेष ई-कचरा संग्रह केंद्र का भी उद्घाटन किया गया। अब छात्राएं और आम नागरिक अपने पुराने व खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरण यहां जमा कर सकेंगे, जिन्हें वैज्ञानिक तरीके से रिसाइकिल किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हुल्लाडेक रिसाइक्लिंग के सीईओ और सह-संस्थापक स्रियम मॉल उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को ई-कचरे के सुरक्षित निपटान, रिसाइक्लिंग की प्रक्रिया और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने घर से ही ई-कचरा अलग कर सही जगह पहुंचाए, तो पर्यावरण को काफी हद तक बचाया जा सकता है। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. स्वाति नंदी चक्रवर्ती ने कहा कि यह पहल छात्राओं में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करेगी। उन्होंने सभी से ई-कचरा इधर-उधर न फेंककर संग्रह केंद्र में जमा करने की अपील की। IQAC कोऑर्डिनेटर डॉ. बिरु रजक ने कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत करते हुए ई-वेस्ट प्रबंधन में शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी एवं सामूहिक भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस मौके पर काफी संख्या में छात्रा मौजूद थीं।