

दुर्गापुर : दुर्गापुर नगर निगम के 3 नंबर बोरो कार्यालय का घेराव कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विकास कार्यों में भेदभाव और लोगों को शहरी सुविधाओं से वंचित किए जाने का आरोप लगाकर जबरदस्त प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल भाजपा कर्मियों ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक होने के कारण उनके इलाकों में न तो पेयजल की व्यवस्था हुई और न ही सड़कें सुधरी हैं। वहीं शहरी आवास योजना का लाभ भी नहीं मिल रहा है। प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले भाजपा जिला नेता चंद्रशेखर बनर्जी ने कहा कि केंद्र सरकार से फंड आने के बावजूद भाजपा समर्थक इलाकों में योजनाएं रोकी जा रही हैं। अगर इसके बाद भी सुधार नहीं हुआ तो निगम कार्यालय में ताला बंद कर आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान निगम अधिकारियों को सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों के लिए एक ज्ञापन भी दिया गया। इस मुद्दे पर आम लोगों में भी नाराजगी देखी गई, कारण स्थानीय लोग लगातार नगर निगम की अनदेखी के कारण मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।
वार्ड 23 से 27 तक भेदभाव का आरोप
दुर्गापुर के 33 वार्डों में भाजपा को लोकसभा चुनाव में बढ़त मिली थी। वहीं कुछ वार्डों में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की संख्या ज्यादा है। इस कारण वार्ड 23 से 27 तक विकास कार्यों को नहीं करने का आरोप नगर निगम पर लगाया गया है। भाजपा कर्मियों ने कहा कि नगर निगम में चुनाव कराने के बजाय प्रशासक बोर्ड का गठन किया गया है। दुर्गापुर के 45 वार्डों को चलाने के लिए पांच सदस्यों को लेकर बोर्ड का गठन किया गया है। केंद्र सरकार विकास कार्यों के लिए फंड दे रही है। वहीं दूसरी तरफ भीषण गर्मी में लोगों को पानी के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। दुर्गापुर नगर निगम पर पहले भी भ्रष्टाचार के कई आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने कहा कि हार के डर से नगर निगम के चुनाव को टाला गया है। दुर्गापुर नगर निगम प्रशासक बोर्ड की सदस्य राखी तिवारी ने भाजपा कर्मियों के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या सामान्य है। बावजूद इसके समस्या का समाधान तेजी से हो रहा है। विकास कार्यों में भेदभाव का आरोप लगाना बिल्कुल गलत है।