

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : दुर्गापुर नगर निगम क्षेत्र में वार्डों के पुनर्गठन और उनकी संख्या बढ़ाए जाने की कवायद के तहत एसडीओ कार्यालय में एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और सीमा पुनर्निर्धारण तथा वार्डों के विस्तार को लेकर अपने सुझाव के साथ दृष्टिकोण रखे। इस बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अंकिता अग्रवाल और नगर निगम के आयुक्त अबुल कलाम आजाद इस्लाम ने की है। राज्य सरकार की ओर से दुर्गापुर नगर निगम के वार्डों की संख्या वर्तमान 43 से बढ़ाकर 53 करने का प्रस्ताव दिया गया है। वहीं बैठक के दौरान इस प्रस्ताव और इसके व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में तृणमूल कांग्रेस के उज्ज्वल मुखर्जी और धर्मेंद्र यादव, भाजपा के अभिजीत दत्त, पार्टी प्रवक्ता सुमंत मंडल, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती तथा सीपीएम के विश्वरूप चटर्जी, सिद्धार्थ बोस मौजूद रहे। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधियों ने भी चर्चा में भाग लिया। राजनीतिक विशेषज्ञों की मानें तो वार्डों के पुनर्गठन और सीमा निर्धारण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही दुर्गापुर नगर निगम चुनावों की तारीखों का आधिकारिक ऐलान संभव हो पाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले वर्ष 2017 में दुर्गापुर नगर निगम के चुनाव आयोजित किए गए थे। इस महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेने वाले नेताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों के सामने अपने-अपने सुझाव रखें। सूत्रों की मानें तो दुर्गा पूजा के बाद डीएमसी का चुनाव हो सकता है।