

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : कांकसा में शराब, गांजा और ब्राउन शुगर का अड्डा चलाने को लेकर भारी हंगामा हुआ। विरोध करने पर आम लोगों को हमले का शिकार होना पड़ रहा है। असामाजिक गतिविधियों को लेकर गोपालपुर उत्तर पाड़ा में दो पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। इस घटना में कई महिलाएं घायल हो गईं, जबकि धारदार हथियार से हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके अलावा कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। वहीं घटना को लेकर पूरे इलाके में तनाव फैल गया। इस दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। इस घटना के बाद विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने पुलिस को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अगर इस तरह की घटना दोबारा हुई तो पुलिस से कैसे काम करवाना है, हमें अच्छी तरह पता है। उसी तरीके से काम करवाया जाएगा। इस घटना की शुरुआत रविवार रात को हुई। वहीं स्थानीय लोगों की मानें तो गोपालपुर उत्तरपाड़ा में लंबे समय से शराब और गांजे का अड्डा चल रहा है। यहां तक कि ब्राउन शुगर का कारोबार और सेवन होने का भी आरोप लगाया गया है। इन गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी थी। इसी के विरोध में कुछ लोग सामने आए हैं। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस शुरू हुई। वहीं देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट, धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान धारदार हथियार से भी हमला किया गया, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं कई महिलाओं के सिर फट गए और वे लहूलुहान हो गईं। इलाके के कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घायलों में से कुछ लोगों का इलाज महकमा अस्पताल और राजबांध के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। रविवार रात पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। हालांकि रात का तनाव थमने के बावजूद सोमवार सुबह एक बार फिर गोपालपुर उत्तरपाड़ा में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही कांकसा थाने की पुलिस दूसरी बार मौके पर पहुंची। वहीं पुलिस के हस्तक्षेप के बाद हालात पर काबू पाया गया। फिलहाल इलाके में पुलिस की गश्त जारी है। इस पूरे मामले पर कड़ी नजर रखी जा रही है। विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने कहा कि इलाके में शराब, गांजा और ब्राउन शुगर का अड्डा चल रहा है। इसकी जानकारी मिलते ही हमने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की है। इस घटना में शामिल कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस निगरानी कर रही है। आने वाले दिनों में अगर इस तरह की घटना दोबारा हुई तो विशेष कार्रवाई की जाएगी।