पहलगाम आतंकी हमले में मारे गये वितान अधिकारी का दुर्गापुर से रहा है गहरा नाता

वितान की मौत से स्थानीय लोगों में शोक की लहर
वितान अधिकारी का फाइल फोटो
वितान अधिकारी का फाइल फोटो
Published on

दुर्गापुर : कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में दुर्गापुर के एक होनहार इंजीनियर वितान अधिकारी की दर्दनाक मौत हो गई। वितान अपनी पत्नी और बेटे के साथ कश्मीर घूमने गया था। एक खुशनुमा यात्रा अचानक आतंक की भेंट चढ़ गई। उनके असामयिक निधन से परिजनों समेत स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है। वितान अधिकारी का जन्म और प्रारंभिक जीवन दुर्गापुर में ही बीता था। उसके पिता डीएसपी में कार्यरत थे और पूरा परिवार स्टील टाउनशिप ए-जोन के सेकेंडरी रोड स्थित 20 नंबर स्ट्रीट में रहता था। वितान की शुरुआती शिक्षा हर्षवर्धन प्राथमिक विद्यालय से हुई थी और फिर उसने शिवाजी रोड बॉयज स्कूल से पढ़ाई की थी। उसने बीसी रॉय इंजीनियरिंग कॉलेज से 2000 बैच में इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक किया था। दुर्गापुर में पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका में एक प्रतिष्ठित कंपनी में नौकरी शुरू की और वहीं बस गया था। हाल ही में वितान अधिकारी अपनी पत्नी और बेटे के साथ कोलकाता आया था ताकि कुछ समय अपने माता-पिता के साथ बिता सके। वहीं कश्मीर की सैर के दौरान वह उस भयावह हमले का शिकार हो गया जिसमें निर्दोष पर्यटकों को निशाना बनाया गया। वितान अधिकारी की मौत की खबर जैसे ही दुर्गापुर पहुंची, पूरा इलाका स्तब्ध रह गया। पड़ोसी शंकर चक्रवर्ती ने भावुक स्वर में कहा कि वितान एक बेहद सुसंस्कृत, विनम्र और मददगार युवक था। वह जब भी देश लौटता था, परिजनों एवं स्थानीय लोगों से जरूर मिलता था। उसके जाने की खबर सुनकर जैसे सब कुछ रुक गया है। यह कोई सामान्य मृत्यु नहीं बल्कि एक राष्ट्रीय क्षति है। इस दौरान वितान के घर में मातम छाया हुआ है। इस दौरान स्थानीय लोग और उसके घर पहुंच रहे हैं। वहीं युवक की असामयिक मौत पर गहरा शोक जता रहे हैं। वितान अधिकारी दुर्गापुर की मिट्टी में पले-बढ़े और एक सपनों को साकार करने वाला युवक था। अब तक आधिकारिक रूप से वितान अधिकारी के शव को कोलकाता लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य सरकार द्वारा शोक संदेश जारी किया गया है। वहीं परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने पत्नी को दी सांत्वना

कश्मीर के पहलगाम में हुए भयानक आतंकवादी हमले में कोलकाता के रहने वाले वितान अधिकारी की मौत हो गई है। उनकी पहचान उन लोगों में शामिल है जिनके शवों की पहचान अब तक की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुद मृतक की पत्नी सोहिनी अधिकारी से बात की और व्यक्तिगत रूप से सोहिनी के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया है। राज्य के मंत्री अरूप विश्वास पहले ही वितान के घर जाकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर चुके हैं। कोलकाता टालीगंज विधानसभा वार्ड नंबर 100 के निवासी वितान पेशे से इंजीनियर था और वर्तमान में फ्लोरिडा में रहता था। वह 16 अप्रैल को अपनी पत्नी और बच्चे के साथ कश्मीर घूमने गया था। आतंकी हमले के समय वितान पहलगाम के उसी रिसॉर्ट में मौजूद था। उस दिन 40 वर्षीय युवक को जेहादी हमले का शिकार होना पड़ा। हालांकि उनकी पत्नी सोहिनी और बेटा रिदान सुरक्षित हैं। सूत्रों के अनुसार राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुद वितान की पत्नी सोहिनी को फोन किया था। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री से बात करने के दौरान सोहिनी रो पड़ीं। मुख्यमंत्री ने मुश्किल घड़ी में हर तरह से साथ रहने का संदेश दिया है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in