

दुर्गापुर : दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल को हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग की ओर से केंद्रीय मान्यता प्राप्त हुई है। इस मुकाम पर पहुंचने से अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्य कर्मियों में खुशी की लहर है। सूत्रों के अनुसार हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग की पहल पर दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल में सात दिनों तक एक विस्तृत सर्वेक्षण किया गया था। इस सर्वेक्षण में अस्पताल ने औसतन 87 प्रतिशत मानकों को पूरा किया था। इसी के आधार पर अस्पताल को केंद्रीय स्तर पर मान्यता दी गई है।
अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर का विकास
दुर्गापुर की एक निजी संस्था की आर्थिक सहायता से अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर का भी नवीनीकरण किया गया है। वहीं लगभग 15 लाख रुपये की लागत से ऑपरेशन टेबल, ऑपरेशन लाइट सहित कई अत्याधुनिक उपकरण स्थापित किए गए हैं। इस अवसर पर राज्य के पंचायत सह ग्रामीण विकास मंत्री प्रदीप मजूमदार, अड्डा के चेयरमैन कवि दत्त, नगर निगम बोर्ड के सदस्य दीपंकर लाहा ने नवनिर्मित ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में अस्पताल के सुपर डॉ. धीमान मंडल, डिप्टी सुपर, अन्य डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ भी मौजूद थे। मंत्री प्रदीप मजूमदार और अड्डा के चेयरमैन कवि दत्त ने कहा कि अस्पताल के गुणवत्ता सुधार के प्रयासों का परिणाम मिला है। दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल को केंद्रीय सरकार से मान्यता प्राप्त हुई है। आगे भी अस्पताल के विकास के लिए और कई योजनाएं लागू की जाएंगी। ऑपरेशन थिएटर के नवीनीकरण के लिए एक निजी संस्था ने आर्थिक मदद की जो सराहनीय है। दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। विभिन्न संस्थाओं एवं लोगों के प्रयास से अस्पताल में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई और भविष्य में मरीजों को और बेहतर सेवा प्रदान करने का संकल्प दोहराया।