

सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर: दुर्गापुर में महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की पहल पर दुर्गापुर में ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’ की शुरुआत की गई है। महिला पुलिस अधिकारियों की यह विशेष टीम शहर और आसपास के इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा पर नजर रखेगी। दुर्गापुर में महिलाओं की सुरक्षा के लिए अब ''दुर्गा'' तैनात! आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की पहल पर दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड शुरू किया गया है। महिला पुलिस अधिकारियों से बनी इस विशेष टीम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत करना और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता पहुंचाना है।
दुर्गापुर में इस विशेष स्क्वाड के उद्घाटन समारोह में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार, दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी, दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण घोरुई और डिप्टी कमिश्नर रासप्रीत सिंह सहित पुलिस कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिलाओं की सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए यह विशेष पहल की गई है। यदि कोई महिला किसी मुसीबत में फंसती है, तो तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालना इस स्क्वाड का मुख्य लक्ष्य है। महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या या आपात स्थिति में 100 और 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस की मदद ली जा सकती है। दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड के लिए वर्तमान में आठ गाड़ियां दी गई हैं, जिनकी संख्या आने वाले दिनों में और बढ़ाई जाएगी।