महिलाओं की सुरक्षा के लिए सड़क पर उतरी दुर्गा सुरक्षा स्क्वायड की टीम

मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
महिलाओं की सुरक्षा के लिए सड़क पर उतरी दुर्गा सुरक्षा स्क्वायड की टीम
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’ की शुरुआत की है। इसी क्रम में आसनसोल पुलिस लाइन शरद मंच में एक कार्यक्रम में राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने औपचारिक रूप से दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि शुरुआती तौर पर करीब 10 महिला पुलिस कर्मियों को ‘स्त्री शक्ति’ के रूप में दुर्गा स्क्वाड का सदस्य बनाया गया है। 10 मोटर साइकिल और स्कूटी के जरिए वे पूरे जिले में निगरानी करेंगी। सोमवार को इसकी शुरुआत आसनसोल से हुई है, इसके बाद दुर्गापुर में भी इसे शुरू किया जाएगा। वहीं आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के सीपी डॉ. प्रणव कुमार ने कहा कि दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड के रूप में महिला पुलिस कर्मी दोपहिया वाहनों पर सवार होकर शहर की सड़कों और तंग गलियों में गश्त करेंगी। यह स्क्वाड विशेष रूप से स्कूल-कॉलेजों के आसपास, मुख्य बाजारों और उन इलाकों में तैनात रहेगा जहां महिलाओं की आवाजाही अधिक होती है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं से छेड़छाड़, छिनतई और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाना है।

दुर्गापूजा आगमन से पहले सड़कों पर उतरीं दुर्गा

मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर ''जीरो टॉलरेंस'' की नीति लागू है। उन्होंने कहा, "मां दुर्गा के आगमन से पहले ही हमारा दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड सड़कों पर उतर चुका है। थानों में महिला सहायता डेस्क और हेल्पलाइन नंबर पहले से काम कर रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री महालया के अवसर पर महिला सुरक्षा से जुड़ी कई अन्य योजनाओं और कार्यक्रमों की घोषणा भी करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार, हमला, छेड़छाड़ या किसी अन्य अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह बल विशेष रूप से निगरानी रखेगा। मंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पहले दिन से ही महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति स्पष्ट की है। इसी लक्ष्य के तहत पुलिस की ओर से यह विशेष पहल की गई है।

कार्यक्रम में रही इनकी उपस्थिति

कार्यक्रम में पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम, आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार, डीसीपी हेडक्वार्टर केजी मीणा, डीसीपी सेंट्रल ध्रुव दास, डीसीपी वेस्ट सना अख्तर, डीसीपी ईस्ट रसप्रीत सिंह, डीसीपी ट्रैफिक अविनाश भीमराव, आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा, एसीपी ट्रैफिक, एसीपी, एडीसीपी साइबर सहित विभिन्न थाना के ओसी मौजूद थे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in