

बर्नपुर : हीरापुर थाना क्षेत्र के बर्नपुर हीरापुर मोड़ पर नशे में धुत बर्नपुर अस्पताल के एक डॉक्टर ने अपनी कार से दो लोगों को धक्का मारा, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गौरतलब है कि मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि वह बर्नपुर अस्पताल के डॉक्टर हैं। वहीं रविवार रात इलाके में हुई सड़क दुर्घटना से पूरे हीरापुर इलाका में सनसनी फैल गई है। इसके बाद इसकी सूचना हीरापुर थाना और बोरो चेयरमैन शिवानंद बाउरी को दी गई। मौके पर हीरापुर थाना की पुलिस ने पहुंच कर मामले को शांत कराया और स्थानीय युवाओं के सहयोग से डॉक्टर को बर्नपुर अस्पताल ले जाया गया।
क्या कहा बोरो चेयरमैन ने
बोरो चेयरमैन सह पार्षद शिवानंद बाउरी ने मौके पर पहुंच कर कहा कि आये दिन यहां घटना होती रहती है। उन्होंने आरोप लगाते हुये कहा कि अक्सर आईएसपी के अधिकारी बर्नपुर क्लब से नशे के हालत में आते हैं और रिवरसाइड टाउनशिप की तरफ जाते समय दुर्घटना कर देते है। वहीं उन्होंने कहा कि सेल के कर्मचारी लगातार इसी तरह नशे की हालत में आते-जाते देखे जाते हैं। रविवार रात डॉक्टर की लोगो लगी कार ने हीरापुर मोड़ पर दो लोगों को धक्का मार दिया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हुये हैं और उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।