

धनंजय, सन्मार्ग संवाददाता
जामुड़िया : भारत सरकार एवं पश्चिम बंगाल सरकार के सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जामुड़िया हिंदी हाई स्कूल (एचएस) में चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सेवा संकल्प अभियान के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य के भारत की कल्पना, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने चित्रों एवं भाषणों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की परिकल्पना प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक एकता जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल विद्यालय पहुंचा। विद्यालय की ओर से प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का पुष्पगुच्छ एवं उत्तरीय पहनाकर स्वागत किया गया। विद्यालय के प्राचार्य रोहनराम रजक ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति की क्षमता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। मंडल अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में शिक्षक सुरेश पाण्डेय, संतोष प्रसाद साव, बिनोद साव, करण तांती, प्रबीर सरकार, नीरज कुमार शर्मा, अश्विनी कुमार सिंह, कौशलेश कुमार सिंह, मोनिका वर्मा, प्रतिमा कपूर चौहान, रनवीर कुमार महतो और उत्तम मुखर्जी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।