

बांकुड़ा : चुनावी आहट के बीच बांकुड़ा जिले के ऐतिहासिक शहर विष्णुपुर को विकास परियोजनाओं का बड़ा उपहार मिला है। खेलकूद, मनोरंजन और संस्कृति से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक, जिला प्रशासन ने बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 11 महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की है। बांकुड़ा के जिलाधिकारी (DM) एन.सियाद ने इन परियोजनाओं का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन की गई परियोजनाओं में विष्णुपुर स्टेडियम में नए बैडमिंटन कोर्ट और दर्शकों के लिए गैलरी शेड, घराने के संगीत के केंद्र 'रामशरण संगीत महाविद्यालय' में एक अत्याधुनिक रिकॉर्डिंग स्टूडियो, प्रसिद्ध लालगढ़ प्रकृति उद्यान का नवीनीकरण और सुंदरीकरण, विष्णुपुर जिला एवं सुपर स्पेश्यलिटी अस्पताल में मरीजों के परिजनों के लिए प्रतीक्षालय और शेड, शहर के निकटवर्ती आइचबाड़ी स्थित दमदमा घाट पर नए पुल समेत अन्य ढांचागत विकास शामिल है।
विरासत और विकास का संगम
गौरतलब है कि मल्ल राजाओं की राजधानी रहा विष्णुपुर अपनी टेराकोटा कला और समृद्ध संस्कृति के लिए विश्व प्रसिद्ध है। लंबे समय से यहां खेल और संस्कृति के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी महसूस की जा रही थी। जिलाधिकारी सियाद एन ने हाल ही में क्षेत्र का दौरा कर इन समस्याओं का जायजा लिया था, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए धन आवंटित किया गया।
क्या कहा जिला अधिकारी ने
जिला अधिकारी एन सियाद ने कहा कि विष्णुपुर शहर के लोगों की कुछ और भी मांगें हैं। हमने प्राथमिकता के आधार पर इन 11 परियोजनाओं को पूरा किया है और आने वाले दिनों में अन्य लंबित कार्यों को भी तेजी से पूरा करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।