-->

जर्जर सड़कें व जलजमाव से लोगों का धर से निकलना हुआ मुहाल

कहीं भी, कभी भी किसी दुर्घटना की बनी रहती है आशंका
जर्जर सड़कें व जलजमाव से लोगों का धर से निकलना हुआ मुहाल
Published on

सालानपुर : मानसून की पहली बारिश के साथ ही रूपनारायणपुर की जर्जर सड़कें और बदहाल जल निकासी व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई हैं। जगह-जगह जलजमाव और गहरे गड्ढों के कारण मुख्य सड़कें खतरनाक हो चुकी हैं। रोजाना हजारों लोग, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

रेल क्रॉसिंग मार्ग की हालत सबसे खराब

रूपनारायणपुर रेल क्रॉसिंग की ओर जाने वाली मुख्य सड़क सबसे अधिक क्षतिग्रस्त है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से उसकी वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। काली मंदिर पार करने के बाद बंद रेलवे लाइन क्रॉसिंग के समीप सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। मिट्टी, बालू और जलजमाव ने इस मार्ग को बेहद जोखिम भरा बना दिया है। वहीं न्यू मार्केट से आगे देशबंधु पार्क के प्रवेश द्वार के पास भी मुख्य सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। लगातार जलभराव के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क और नाले में अंतर करना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं को हो रही है। ऑटो, टोटो (ई-रिक्शा) और मोटरसाइकिल से स्कूल जाने वाले बच्चों को लेकर चालक हर दिन दुर्घटना की आशंका के बीच सफर करने को मजबूर हैं।

स्थायी समाधान की मांग तेज

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था को आधुनिक बनाने और जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग की है। उनका आरोप है कि लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र युद्ध स्तर पर सड़क मरम्मत और ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो मानसून के दौरान हालात और भी गंभीर हो सकते हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in