

जितेन्द्र, सन्मार्ग संवाददाता
सांकतोड़िया : आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के धेमोमैन इलाके में वर्चस्व को लेकर हुई मारपीट में पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार कर आसनसोल अदालत में पेश किया। पुलिस ने चार दिन के लिए रिमांड पर लिया है। मालूम हो कि दुर्गापूजा पंडाल और मेले के आयोजन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और गोलीबारी के आरोपों तक पहुंच गया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पिकेट तैनात कर निगरानी बढ़ा दी है।
पुलिस के अनुसार, मामले में कुछ अन्य लोग अब भी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।धेमोमैन में स्थानीय स्तर पर वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव और टकराव की बातें सामने आती रही हैं। मौजूदा विवाद के संदर्भ में पूर्व तृणमूल पार्षद रोहित नोनिया, संजय नोनिया और भाजपा नेता बिरजू यादव के नाम भी स्थानीय चर्चा में रहे हैं। पुलिस फिलहाल ताजा घटना में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। आरोप है कि कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इसी दौरान गोली चलने की बात भी सामने आई। फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। भाजपा नेता बिरजू यादव की ओर से भी फायरिंग को लेकर आरोप लगाए गए हैं।
सात गिरफ्तार, फरार लोगों की तलाश
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया है। वहीं मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इलाके में लगातार पुलिस पिकेट तैनात की गई है और पुलिस की कार्रवाई जारी है। उनके अनुसार, मामले में कई लोग अब भी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम
अजय मंडल, ब्रह्मदेव नोनिया, भरत नोनिया, बिकास सिंह, विनोद कुमार साव, असलम खान,बैजू नोनिया शामिल हैं।