लॉन्च से गिरकर गंगा नदी में डूबा 12 साल का लड़का

लाइफ जैकेट फेंकने के बावजूद बचाना नहीं हुआ संभव
साभार प्रतीक फोटो
साभार प्रतीक फोटो
Published on: 

मुर्शिदाबाद : शुक्रवार सुबह लालबाग सदरघाट से पश्चिमी किनारे पर डाहापाड़ा घाट से लॉन्च द्वारा जाते समय 12 साल का एक लड़का गंगा नदी में गिर गया। घटना के बाद लाइफ जैकेट फेंकने के बाद भी लड़के को बचाया नहीं जा सका। पता चला है कि लड़के का नाम आद्रिज है, जो भीख मांगकर गुजारा करता था। वह भीख मांगने के लिए लालबाग सदरघाट से लॉन्च से सदरघाट जा रहा था। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे लालबाग सदरघाट से पश्चिम की तरफ डाहापाड़ा के लिए एक लॉन्च निकली थी। उक्त लड़का दूसरे यात्रियों के साथ लॉन्च पर सवार हुआ था। वहीं जैसे ही लॉन्च नदी के बीच में पहुंचा, लड़का असंतुलित होकर नदी में गिर गया। लॉन्च के यात्री इस घटना के बाद शोर मचाने चीखने लगे। एक लॉन्च कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचा और लड़के पर लाइफ जैकेट फेंकी। हालांकि, जैकेट नदी के बहाव में बह गई। लड़के ने कई बार हाथ उठाकर खुद को बचाने की कोशिश की और नदी में डूब गया। खबर मिलते ही मुर्शिदाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी गोताखोरों की टीम को दी गई। बाद में गोताखोरों की टीम आई और नदी में उतरकर तलाश शुरू कर दी। घटना के समय लॉन्च पर नित्य यात्री स्वपन मंडल और कौशिक चक्रवर्ती भी सवार थे। स्वपन मंडल ने बताया कि लॉन्च पर भीड़ बहुत अधिक थी। वहीं लॉन्च के हिचकोले से लड़का नियंत्रण खो बैठा और नदी में गिर गया। कौशिक चक्रवर्ती ने लड़के को बचाने में लॉन्च कर्मचारियों की भूमिका पर अपना गुस्सा व्यक्त किया। उन्होंने कहा, लड़के के गिरने के बाद, लॉन्च कर्मचारियों ने जैकेट फेंककर जिम्मेदारी से छुटकारा ले ली। अगर वे तुरंत नदी में लड़के को बचाने के लिए कूद गए होते तो लड़के को बचाना संभव होता। हमारी आंखों के सामने एक लड़का नदी में डूब गया, लेकिन हममें से कोई कुछ नहीं कर सका। हालांकि, लॉन्च कर्मचारी जहांगीर शेख ने कहा, हमने लड़के को बचाने की पूरी कोशिश की। लड़का कुछ ही पलों में डूब गया। मुर्शिदाबाद थाने के एक पुलिस अधिकारी ने कहा, लापता व्यक्ति की तलाश में गोताखोरों को भेजकर खोज जारी है।

गंगा नदी पर पुल बनाने की उठी मांग

इस घटना के बाद ही गंगा नदी पर पुल बनाने की मांग उठने लगी है। राज्य के कैबिनेट मंत्री और मुर्शिदाबाद के MLA गौरीशंकर घोष ने कहा कि गंगा के दोनों किनारों को जोड़ने के लिए पुल बनाने के लिए केंद्र और राज्य के संबंधित विभागों को आवेदन दिया गया है। उम्मीद है कि बहुत जल्द पुल बनाने का काम शुरू हो जाएगा। वहीं लालबाग के निवासी हेमंत रॉय ने कहा, दुर्घटनाएं हर साल होती हैं। लेकिन प्रशासन नहीं जाग रहा है। नदी पर पुल बनाना इस समस्या का स्थायी समाधान है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in