

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
बाराबनी : बाराबनी के बीडीओ सोमेन पाल की ओर से सरकारी नोटिस जारी करने के बावजूद बुधवार को ग्राम प्रधान व उपप्रधान में कोई भी पंचायत कार्यालय नहीं पहुंचा। सभी को दोपहर 12 बजे से 1 बजे के भीतर पंचायत कार्यालय आने का नोटिस दिया गया था। इसके बाद बाराबनी ग्राम पंचायत की सामान्य सेवाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। आरोप है कि पंचायत पर तृणमूल कांग्रेस का कब्जा होने के बावजूद पार्टी के किसी भी पंचायत सदस्य के उपस्थित नहीं होने से इलाके में सामान्य नागरिक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इससे नाराज स्थानीय लोगों ने तृणमूल कांग्रेस के पंचायत सदस्यों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दिन भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी बाराबनी ग्राम पंचायत कार्यालय के सामने जमा हुए और विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि राजनीतिक खींचतान का खामियाजा आम जनता को नहीं भुगतना पड़े। इलाके में विकास कार्यों और नागरिक सेवाओं को सामान्य बनाए रखने के लिए उन्होंने राज्य सरकार से वैकल्पिक प्रशासनिक व्यवस्था लागू करने की अपील की।
आंदोलनकारियों का कहना है कि आम लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द पंचायत की सामान्य सेवाएं बहाल की जानी चाहिए। सनद रहे कि तृणमूल प्रधान और उपप्रधान को दोबारा नोटिस भेजा जाएगा। अगर वे लोग पंचायत कार्यालय नहीं आते है तो बीडीओ ने वर्त्तमान तृणमूल पंचायत कमेटी को भंग कर देने की चुनौती दी है। भाजपा नेताओं का कहना है कि इस स्थिति में विकास कार्य बाधित हो रहा है। ग्रामीण परिसेवा से वंचित हैं। भाजपा के अमल राय ने कहा कि लोगों को परिसेवा प्रदान करने व विकास कार्यों को गति देने के लिए पंचायत को प्रशासन को अपने अधीन लेना जरूरी हो गया है। तृणमूल प्रधान और उपप्रधान शर्म व बेइज्जत होने के डर से पंचायत कार्यालय नहीं आकर घर में दुबके हुए है।