

दुर्गापुर : कांकसा थाना के सरस्वतीगंज इलाके में 9 दिसंबर 2018 में हमला किया गया था। उस हमले में भाजपा नेता संदीप घोष की हत्या हुई थी। दुर्गापुर अनुमंडल अदालत में सोमवार से संदीप घोष हत्याकांड की सुनवाई शुरू होगी। इससे पहले भाजपा कर्मी जयदीप बनर्जी द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया गया है। उस वायरल वीडियो में जयदीप बनर्जी ने कहा कि वर्ष 2018 में भाजपा नेता संदीप घोष की हत्या की गई थी। उन्होंने कहा कि संदीप हत्याकांड में कथित तौर पर बालू एवं कोयला कारोबारी शेख सैफुल, शेख हिरण और जयरुल मिद्दा शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्याकांड को लेकर शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने अभियुक्तों को गिरफ्तार नहीं किया। इस कारण संदीप के हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन अभियुक्तों को तृणमूल का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि संदीप हत्याकांड मामले की महिला सरकारी वकील अभियुक्तों से मिली हुई है। इस कारण संदीप को अब तक इंसाफ नहीं मिला। वर्ष 2018 में भाजपा नेता संदीप घोष की हत्या गोली मारकर की गई थी। उन्होंने कहा कि संदीप हत्याकांड के सरकारी वकील को बदलने की मांग पर जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर एवं आसनसोल पीपी इंचार्ज को चिट्ठी दी गई है। बावजूद इसके सरकारी वकील को नहीं बदल गया तो हाई कोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा। वहीं मामले की सुनवाई के दौरान अनुमंडल अदालत में भाजपा कर्मियों से भीड़ लगाने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि संदीप हत्याकांड का मामला वर्ष 2018 से चल रहा है। बावजूद इसके अभियुक्तों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। अनुमंडल अदालत में संदीप हत्याकांड की मामले की सुनवाई के दौरान गहमागहमी का माहौल बना रहेगा।