काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट व यूनिवर्सिटी का नाम बदलने की मांग

भगवान श्रीराम व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर नामकरण करने का अनुरोध
विधायक जितेंद्र तिवारी को ज्ञापन सौंपते भारतवर्षीय बरनवाल महासभा के पदाधिकारी
विधायक जितेंद्र तिवारी को ज्ञापन सौंपते भारतवर्षीय बरनवाल महासभा के पदाधिकारी
Published on

पांडवेश्वर : भारतवर्षीय बरनवाल महासभा (पश्चिम बंगाल राज्य इकाई) ने राज्य में नवनिर्वाचित सरकार से आसनसोल-दुर्गापुर क्षेत्र के दो प्रमुख संस्थानों के नाम बदलने की मांग की है। महासभा ने इस संबंध में मंत्री अग्निमित्रा पाल एवं विधायकों को एक औपचारिक पत्र भेजकर अनुरोध किया है कि अंडाल स्थित काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट और आसनसोल स्थित काजी नजरूल इस्लाम यूनिवर्सिटी का नाम बदला जाए। महासभा के प्रांतीय महासचिव कृष्ण मुरारी लाल बरनवाल ने कहा कि विधायक जितेंद्र तिवारी, कृष्णेंदु मुखर्जी और अरिजीत राय से सौजन्य मुलाकात कर संगठन की ओर से बधाई दी गई है। साथ ही अंडाल स्थित काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट का नामकरण भारत के महान सपूत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर करने की मांग की गई है। महासभा का मानना है कि यदि वर्तमान सरकार यह निर्णय लेती है, तो यह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रति एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी। 'काजी नजरूल यूनिवर्सिटी' का नामकरण मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के नाम पर करने का भी आग्रह किया गया है। संगठन ने विश्वास जताया है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा को पुनः प्राप्त करने में सफल होगा। महासभा के प्रांतीय अध्यक्ष गोपीनाथ ने उम्मीद जताई है कि वर्तमान सरकार इस संवेदनशील मामले पर जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए उचित और सकारात्मक निर्णय लेगी। तीनों विधायकों से सौजन्य मुलाकात के दौरान संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष, महासचिव के अलावा अरविंद बरनवाल, सुधीर बरनवाल, मनोज बरनवाल, आशीष बरनवाल, सुशील बरनवाल, पिंटू बरनवाल आदि उपस्थित थे।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in