

दुर्गापुर : महिला से छेड़छाड़ के अभियुक्त को गिरफ्तार करने की मांग पर कोकोवेन थाना के सामने प्रदर्शन किया गया। दुर्गापुर अंतर्गत 39 नंबर वार्ड के आशीष नगर इलाके में तनाव व्याप्त है। एक महिला से छेड़खानी के अभियुक्त शिवप्रसाद मंडल की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने थाना का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बताया कि शिवप्रसाद मंडल इलाके के पूर्व तृणमूल पार्षद शशांक शेखर मंडल का भाई है। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी। आरोप है कि घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अब तक अभियुक्त को गिरफ्तार नहीं किया है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी दावा किया कि शिवप्रसाद मंडल लंबे समय से इलाके के लोगों के साथ दुर्व्यवहार और अत्याचार करता रहा है, जिससे स्थानीय जनता में उसके प्रति गहरा असंतोष है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अभियुक्त को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में और भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। हालांकि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच चल रही है। शिकायत के आधार पर अभियुक्त को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं पुलिस के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी शांत हुए, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर फिर से आंदोलन की चेतावनी दी गई है।