

सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी ट्रैफिक कार्यालय में डीसीपी ट्रैफिक अविनाश भीमराव ने आसनसोल बस एसोसिएशन के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। गौरतलब है कि इस बैठक में वोलवो बस, बड़ी बस एवं मिनी बस के मालिकों के साथ डीसीपी ट्रैफिक ने कानून व्यवस्था और सड़कों को जाममुक्त बनाने के लिए बसों की व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण यातायात मुद्दों पर चर्चा की। मौके पर डीसीपी ट्रैफिक अविनाश भीमराव ने बस मालिकों को कहा कि सवारी चढ़ाने के लिए जहां-तहां बस को रोककर सवारी को नहीं चढ़ाया जा सकता है, यह ट्रैफिक नियम के खिलाफ है। पकड़े जाने पर जुर्माना लगाया जायेगा। साथ ही शहरी एवं बाजार इलाके में बसों की गति 30 किमी/ घंटा रहना चाहिए, जिससे दुर्घटना से बचा जा सके और किसी प्रकार के जान-माल का नुकसान न हो। बसों को सभी वाहनों की तरह सड़क पर ट्रैफिक सिग्नल और यातायात के सभी नियमों का पूरी तरह पालन करना अनिवार्य है। किसी भी बस को लाल बत्ती होने पर रुकना होगा, यह नहीं कि सवारी चढ़ाने के चक्कर में ट्रैफिक सिग्नल को तोड़ा जाये, ऐसा करने पर जुर्माना लगाया जायेगा। इस मौके पर एसीपी ट्रैफिक, ट्रैफिक इंस्पेक्टर सहित विभिन्न ट्रैफिक थाना के प्रभारी मौजूद थे।