

सन्मार्ग संवाददाता
जामुड़िया : चांदा स्थित नॉर्थ पॉइंट स्कूल परिसर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर गरबा और डांडिया उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं ने ढोल-नगाड़ों और संगीत की धुन पर डांडिया और गरबा प्रस्तुत कर भारतीय लोकसंस्कृति की मनोहारी छटा बिखेरी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय के संस्थापक एवं चेयरमैन सचिन्द्र नाथ रॉय की उपस्थिति रही। उन्होंने स्वयं विद्यार्थियों के साथ डांडिया खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक मूल्यों और नारी शक्ति के सम्मान से जोड़ना है। संपूर्ण कार्यक्रम का समापन ''जय माता दी'' के जयकारों के साथ हुआ।