

सन्मार्ग संवाददाता
मुर्शिदाबाद : मुर्शिदाबाद के शमशेरगंज में राष्ट्रीय राजमार्ग 12 पर भीषण सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो गई। मंगलवार रात डाक बंगला चौराहे के पास एक डम्पर ने नियंत्रण खो दिया और मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। इस घटना से इलाके में काफी तनाव फैल गया। आम लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार डाक बंगला स्थित जामिया कटाव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर डम्पर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। डम्पर की टक्कर से बाइक पर सवार चारो लोग छिटककर सड़क पर गिर गए। इस दौरान डम्पर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। इससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक बच्चे को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गयी। घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने सड़क जाम कर दिया। वहीं पुलिस को शव बरामद करने से रोक दिया गया। बाद में भारी संख्या में पुलिस बल ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति के नियंत्रित किया। पुलिस ने घातक डम्पर को जब्त कर लिया है। घटना के बाद डम्पर का ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार मरने वालों में जाज शेख (27), तौहीद शेख (17),जाहुल शेख (27) एवं आसिफ शेख (2)। सभी उत्तर महादेवनगर फरक्का ब्लॉक के रहने वाले थे।