दबंग तृणमूल नेता असित सिंह हुआ गिरफ्तार

असित सिंह सहित तीन अभियुक्त भेजे गये तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर
दबंग तृणमूल नेता असित सिंह हुआ गिरफ्तार
Published on

बाराबनी : बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष सह दबंग तृणमूल नेता असित सिंह, उनके भाई एवं पानुरिया ग्राम पंचायत के उपप्रधान विश्वजीत सिंह तथा तृणमूल नेता अकबर आलम को बाराबनी थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गुरुवार देर रात गुप्त सूचना पाकर बंगाल - झारखंड सीमावर्ती क्षेत्र डिबूडीह इलाके से असित सिंह और उनके भाई विश्वजीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया जबकि अकबर आलम को झारखंड के जमशेदपुर से गिरफ्तार किया गया। लोगों की मानें तो तीनों के खिलाफ क्षेत्र में दबंगई, मारपीट व हथियार आदि लेकर लोगों को धमकी देने आदि कई मामलों में पुलिस तलाश कर रही थी। इनके खिलाफ स्थानीय बप्पा माझी ने थाना में शिकायत दर्ज करवाया था। उसने तीनों अभियुक्तों पर 2021 में चुनाव बाद बाराबनी क्षेत्र में चुनावी हिंसा फैलाने तथा भाजपा कर्मियों के घरों पर हमला कर उनकी पिटाई आदि का आरोप लगा था। उन पर 2026 के विधानसभा चुनाव के पहले भी क्षेत्र में दादागिरी करते हुए भाजपा कर्मियों की पिटाई, पोस्टर व बैनर फाड़ने सहित भाजपा कर्मियों को धमकी आदि देने का आरोप शामिल हैं। चुनाव नतीजा आने के बाद से पुलिस इन लोगों की तलाश कर रही थी लेकिन सभी फरार होकर भूमिगत हो गये थे। इन अभियुक्तों से संबंधित कई मामले आसनसोल अदालत में लंबित हैं। तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों को बाराबनी थाने में नहीं रख कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हीरापुर थाने में रखा गया है। तीनों अभियुक्तों को पुलिस ने शुक्रवार की सुबह आसनसोल अदालत में पेश किया, जहां न्यायाधीश ने तीनों को तीन दिनों की पुलिस रिमांड में भेज दिया। अदालत में पेश होने के पहले असित सिंह ने पत्रकारों से केवल इतना कहा कि क्या कहूं, सब कुछ आपलोग देख ही रहे हैं। सनद रहे कि इसके पहले असित सिंह के भाई पिंटू सिंह, सुकुमार साधू, बबन भुईयां सहित कई लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in