साइबर क्राइम का एक और अभियुक्त पुलिस रिमांड पर

भेजा गया पुलिस रिमांड पर
साइबर अपराध का प्रतीक फोटो
साइबर अपराध का प्रतीक फोटो
Published on: 

अभय, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : लाखों रुपये की ठगी करने से संबंधित मामले में आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले पर अपनी छानबीन की प्रक्रिया जारी रखते हुए फिर से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार होने वाले अभियुक्त का नाम करण लाल बताया गया है। उसे गुरुवार को आसनसोल जिला अदालत के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने उक्त कांड में शामिल कुछ अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी समेत अपनी विशेष छानबीन करने का हवाला देते हुए उन्हें पुलिस रिमांड पर लेने की अपील अदालत से की। अदालत ने अभियुक्तों की जमानत अर्जी रद्दकर उन्हें 5 दिनों की रिमांड पर पुलिस के साथ भेज दिया।

क्या है पूरा मामला

बताया जाता है कि बीते 6 अक्टूबर को प्रतिबिंब पोर्टल की नियमित जांच के दौरान यह पता चला कि देशव्यापी साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों से जुड़े कुछ मोबाइल नंबर, उपकरण और बैंक खाते आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के क्षेत्र में स्थित स्थानों से जुड़े हुए हैं। वहीं प्रारंभिक तकनीकी विश्लेषण से एक संरचित नेटवर्क का भी संकेत मिला, जहां व्यक्ति धोखाधड़ी से प्राप्त की गई धन राशि को कई बैंक खातों के माध्यम से भेजता था, ताकि उसके स्रोत को छिपाया जा सके। इसके साथ ही इनके मुख्य संचालकों की भी पहचान छुपाई जा सके। बता दें कि यह नेटवर्क अलग-अलग परस्पर जुड़े हुए भूमिकाओं के माध्यम से संचालित होता था, जिनमें धोखाधड़ी करने वाले संचालक अपना भ्रामक संचार कर "म्यूल" खाते उपलब्ध कराते हैं और उक्त वारदात में एटीएम और अन्य चैनलों के माध्यम से नकदी निकालने वाले एजेंट भी शामिल हैं। वहीं पुलिसिया जांच के दौरान यह पता चला था कि अभियुक्त के यूको बैंक खाता में धोखाधड़ी से दो लाख उनतीस हजार दो सौ रुपये जमा किए गए थे। इसके साथ ही यह भी पाया गया कि उक्त बैंक खाते के विरुद्ध धोखाधड़ी से संबंधित लेन-देन के संबंध में 5 शिकायतें भी दर्ज की गई थीं। हालांकि उक्त मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News