दुर्गापुर में जामताड़ा गैंग के अड्डे का हुआ पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

होटल के एक कमरे से नेटवर्क चलाकर करते थे साइबर ठगी
इसी होटल से पकड़े गये साइबर अपराध से जुड़े लोग
इसी होटल से पकड़े गये साइबर अपराध से जुड़े लोग
Published on

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता

दुर्गापुर : दुर्गापुर पुलिस जामताड़ा साइबर क्राइम गिरोह का पर्दाफाश करने में सफल हुई है। दुर्गापुर के एक होटल के कमरे को ही ठगी का अड्डा बनाकर देश के अलग-अलग हिस्सों के लोगों को निशाना बनाया जा रहा था। वहीं गुप्त सूचना के आधार पर दुर्गापुर स्टेशन बाजार से सटे साधुडांगा इलाके के एक होटल में छापा मारकर पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों पर जामताड़ा गैंग से जुड़े होने की जानकारी मिली है। इस संदर्भ में पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चारों युवक झारखंड के देवघर जिले के मधुपुर इलाके के रहने वाले हैं। अभियुक्तों में गणेश सरदार, सचिन दास, जितेंद्र कुमार दास और सुरेंद्र दास शामिल हैं। अभियुक्तों के पास से साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई सामान बरामद किए गए हैं। बरामद सामानों में लैपटॉप, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड सहित कई अहम दस्तावेज शामिल हैं। झारखंड निवासी अभियुक्त एक होटल में बैठकर ही देश के विभिन्न हिस्सों के लोगों को फोन या दूसरे डिजिटल माध्यमों से निशाना बनाकर ठगी का जाल फैलाते थे। लोगों को अलग-अलग तरीकों से गुमराह कर उनकी मेहनत की कमाई हड़प लेना ही इस गिरोह का मुख्य मकसद है। वहीं जांच में और भी चौंकाने वाली बात सामने आई है। इस दौरान पुलिस की नजर से बचने के लिए सभी अभियुक्त लंबे समय तक एक ही होटल में नहीं रुकते थे। साइबर क्राइम गिरोह के सदस्य बार-बार होटल बदलकर एक जगह से दूसरी जगह चले जाते थे, जिससे उनकी गतिविधियों का आसानी से पता नहीं चल पाता था। हालांकि आखिरकार गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को उनकी लोकेशन का पता चल गया और साधुडांगा इलाके के उस होटल में छापामारी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस गिरोह के साथ और कौन जुड़ा है, देश भर में उनकी ठगी का नेटवर्क कितना फैला हुआ है और वे आम लोगों को किस तरह निशाना बनाते थे, इसकी जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई में जब्त लैपटॉप और मोबाइल फोन सहित अन्य सामान अहम सुराग दे सकते हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in