साइबर अपराध नेटवर्क में शामिल 3 और अभियुक्त रिमांड पर

साइबर अपराध नेटवर्क में शामिल 3 और अभियुक्त रिमांड पर
Published on: 

अभय, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : शहर के आम नागरिकों का इनपुट प्राप्त कर उनसे करोड़ों रुपये की ठगी करने से संबंधित मामले में आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले पर अपनी छानबीन की प्रक्रिया लगातार जारी रखते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसे रिमांड पर लिया था। वहीं रिमांड अवधि के दौरान पुलिस ने 3 और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार होने वाले अभियुक्तों में कार्तिक साव, राजवीर डोम तथा स्वपन माजी शामिल हैं। वहीं इन तीनों अभियुक्तों समेत रिमांड पर लिए गए विवेक बाउरी नामक अभियुक्त को भी शनिवार को आसनसोल जिला अदालत के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। मामले के जांच अधिकारी ने उक्त कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की भी गिरफ्तारी समेत अपनी विशेष छानबीन करने का हवाला देते हुए तीनों अभियुक्तों को पुलिस रिमांड पर लेने की अपील अदालत से की। अदालत ने उन्हें 4 दिनों की रिमांड पर पुलिस के साथ भेज दिया, जबकि विवेक बाउरी नामक अभियुक्त की जमानत अर्जी रद्दकर उसे अगली सुनवाई होने तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। बता दें कि उक्त मामले में तकरीबन 4 दर्जन से भी अधिक लोग पकड़े जा चुके हैं, जबकि अभी भी कुछ अभियुक्तों की तलाश जारी ही है। बता दें कि इन दिनों लगातार गिरफ्तारियां होने से शहर में चारों तरफ अपराधियों में पूरी खलबली मची हुई है, जिस कारण कुछ अपराधी शहर से पलायन भी कर चुके हैं। इनका नेटवर्क प्रतिरूपण और धोखे के माध्यम से पीड़ितों से फर्जी कॉल करता था तथा गलत तरीके से ग्राहक के विवरणों का उपयोग करके पीओएस एजेंटों के माध्यम से सिम कार्ड प्राप्त करता था, जबकि धोखाधड़ी से प्राप्त धन को प्राप्त कर उसे स्थानांतरित करने और छिपाने के लिए फर्जी बैंक खाते बनाकर उसे संचालित भी किया करते थे। वहीं मोबाइल नंबर, आईएमईआई, बैंक लेनदेन, एटीएम से निकासी व अन्य तकनीकी इनपुट के प्रारंभिक विश्लेषण से पता चलता है कि उक्त कांड में शामिल व्यक्तियों की गतिविधियों के माध्यम से 33.79 करोड़ रूपये से अधिक की राशि धोखाधड़ी से हेराफेरी की गई थी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in