

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : साइबर धोखाधड़ी के आरोप में दुर्गापुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दुर्गापुर थाना पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार रात आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के तहत यह अभियान चलाया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दुर्गापुर के नईमनगर, मस्जिद मोहल्ला, सोनार तरी सहित कई इलाकों और कुछ होटलों में छापेमारी की गई। इस अभियान में साइबर धोखाधड़ी से जुड़े होने के आरोप में कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक झारखंड का रहने वाला है। जांच में पकड़े गए अभियुक्तों के तार झारखंड के जामताड़ा इलाके के साइबर क्राइम गिरोह से जुड़े होने की बात सामने आई है। अभियुक्तों के पास से कई लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। बरामद सामान की जांच कर पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह गिरोह कैसे काम करता था और इसमें और कौन-कौन शामिल हैं। जांच टीम का मानना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के बाद इस धोखाधड़ी गिरोह के बारे में और जानकारी सामने आ सकती है। शनिवार को दुर्गापुर थाना पुलिस ने दसों अभियुक्तों को दुर्गापुर अनुमंडल (सब-डिविजनल) अदालत में पेश किया।