

सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : बर्नपुर टाउन पूजा समिति द्वारा संचालित बारी मैदान में विपदतारिणी पूजा बड़े धूमधाम के साथ मनायी गयी। गौरतलब है कि यह पूजा मुख्य रूप से हिंदू पंचांग के अनुसार आषाढ़ महीने के शुक्ल पक्ष में रथयात्रा के बाद पड़ने वाले पहले मंगलवार या शनिवार को की जाती है। वहीं बारी मैदान में विपदतारिणी देवी शक्ति की पूजा करने के लिए महिलाओं का तांता लगा हुआ था, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने देवी मां को 13 प्रकार के फल, 13 मिठाइयां और 13 पूड़ी के भोग लगाये। मौके पर बर्नपुर टाउन पूजा समिति के सचिव उज्जल माजी एवं कार्यकारी अध्यक्ष शिव शंकर चक्रवर्ती ने कहा कि यह व्रत और पूजा परिवार को हर प्रकार के संकट और विपत्तियों से बचाने, स्वास्थ्य की रक्षा करने और घर में सुख-समृद्धि लाने के लिए किया जाता है। साथ ही कहा कि कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शरबत, पानी व मेडिकल सुविधा की भी व्यवस्था की गई है। वहीं पूजा के दौरान एक व्यक्ति को तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए बर्नपुर अस्पताल भेजा गया। इस मौके पर बर्नपुर टाउन पूजा समिति के उपाध्यक्ष तरुण बनर्जी, कमेटी सदस्य सुशांत पॉल, कमल बोस, मैनाक माजी सहित अन्य लोग मौजूद थे।