

सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल:आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) में वैज्ञानिक तरीके से अपराध जांच को और मजबूत करने के लिए एक बड़ी पहल की गई है। गुरुवार को एडीपीसी के सीपी डॉक्टर प्रणव कुमार ने मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ हि अधिकारियों को वैन में मौजूद अत्याधुनिक फॉरेंसिक सुविधाओं और विभिन्न किटों के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि अब अपराध स्थल पर ही साक्ष्यों का वैज्ञानिक संग्रह, संरक्षण और प्रारंभिक जांच की जा सकेगी। मौके पर सीपी डॉक्टर प्रणव कुमार ने कहा कि यह वैन 14 विशेष फॉरेंसिक किटों से लैस है, जिनमें जनरल एविडेंस कलेक्शन किट, डीएनए सैंपल कलेक्शन किट, ब्लड टेस्टिंग किट सहित अन्य आवश्यक उपकरण शामिल हैं। इस मोबाइल फॉरेंसिक वैन के आने से पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र में अपराध स्थल की जांच अधिक तेज, वैज्ञानिक और साक्ष्य-आधारित तरीके से हो सकेगी, जिससे मामलों के जल्द निपटारे में मदद मिलेगी। मौके पर मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों और सभी आईसी/ओसी को वैन की फॉरेंसिक क्षमताओं और अपराध स्थल पर साक्ष्यों के वैज्ञानिक संग्रह, संरक्षण और प्रारंभिक जांच के लिए विभिन्न किटों के उचित उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर एडीपीसी के सीपी डॉक्टर प्रणव कुमार, डीसीपी हेडक्वार्टर केजी मीणा, डीसीपी सेंट्रल ध्रुव दास, डीसीपी वेस्ट सना अख्तर, डीसीपी वेस्ट रसप्रीत सिंह, डीसीपी ट्रैफिक अविनाश भीमराव सहित कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारी और सभी थानों के आईसी/ओसी मौजूद थे।