

आसनसोल : आसनसोल एसबी गोराई रोड स्थित पीएचई आरसीएफए डिवीजन-1 कार्यालय में टैंकरों से पानी की आपूर्ति करने वाले ठेकेदारों ने विभिन्न बकाया भुगतान की मांग पर प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि एबीपीएचई कांट्रैक्टर एसोसिएशन द्वारा आसनसोल पीएच कार्यालय के सामने इससे पहले भी प्रदर्शन किया गया था, पर कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं मंगलवार को 2022 में लोकसभा उपचुनाव, 2024 के लोकसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, 2024 एवं 2025 का वाटर टैंकर की बकाया राशि को लेकर पीएचई कार्यालय में जमकर प्रदर्शन किया गया। मौके पर ठेकेदार असित मल्लिक ने कहा कि वे बहुत मुश्किलों में हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के आदेश पर उन्होंने टैंकरों से पानी की आपूर्ति की थी लेकिन अभी तक वह पैसा किसी भी टैंकर मलिक को नहीं मिला है। इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत भी टैंकर मालिकों ने इस जिले के विभिन्न दूर-दराज के गांवों में टैंकर से पानी की आपूर्ति की थी, उसका भी पैसा भी अभी तक बाकी है। इसके अलावा टैंकरों के रखरखाव पर खर्च होने वाला पैसा भी प्रशासन से नहीं मिल रहा है, जिस कारण वे अपने कर्मचारियों को वेतन नहीं दे पा रहे हैं। वहीं ठेकेदार मृत्युंजय मुखर्जी ने कहा कि पंचायत चुनाव, 2024 एवं 2025 का वाटर टैंकर एवं जेजेएम 2024 एवं 2025 की बकाया राशि को लेकर प्रदर्शन किया गया और इस मामले से संबंघित एक पत्र पीएचई विभाग के एग्जिक्यूटिव इंजीनियर को सौंपा गया। साथ ही उनसे कहा गया है कि अगर दुर्गा पूजा तक बकाया राशि नहीं मिलती है तो दुर्गा पूजा के बाद सभी ठेकेदार काम बंद कर पानी सप्लाई करना बंद कर देंगे कारण उनके लिए ऐसे में टिके रह पाना मुश्किल हो गया है। इस मौके पर चंदन हाजरा, उद्धक दां, पार्थ बनर्जी, बबलू दास, संजय बनर्जी, रतन सरकार, बादल घोष, रतन सरकार, मंटु नाथ सहित करीब 200 ठेकेदार उपस्थित थे।