सेल आईएसपी बर्नपुर में ठेका मजदूरों का ऐलान

18 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर अडिग BTMS
सेल आईएसपी बर्नपुर में ठेका मजदूरों का ऐलान
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : SAIL-इस्को स्टील प्लांट में ठेका मजदूरों के वेतन पुनरीक्षण को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ (BTMS) ने प्रबंधन को संशोधित हड़ताल नोटिस जारी कर साफ कर दिया है कि 18 नवंबर 2026 से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल यथावत रहेगी। महासचिव संजीत प्रसाद द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि SAIL-ISP में ट्रेड यूनियन सदस्यता सत्यापन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, इसके बावजूद ठेका मजदूर उचित वेतन से वंचित हैं, जिससे मजदूरों में भारी असंतोष है। BTMS की तीन मुख्य मांगें रखी गई हैं। पहली, VISL प्लांट में ठेका मजदूरों को दिया गया नया वेतन ढांचा बर्नपुर में भी एरियर सहित लागू किया जाए। दूसरी, केंद्र सरकार के श्रम मंत्रालय के 30 सितंबर 2026 के आदेश के तहत निर्धारित वेतन लागू किया जाए। तीसरी अंतिम समझौते दुर्गापुर स्टील प्लांट की तर्ज पर 21 नवंबर 2025 से अंतरिम राहत के तौर पर बढ़ा हुआ वेतन दिया जाए। संघ ने कहा कि वह बातचीत से समाधान चाहता है और औद्योगिक शांति भंग नहीं करना चाहता, लेकिन उचित वेतन आजीविका और सम्मान का प्रश्न है। BTMS ने प्रबंधन से हड़ताल से पहले तत्काल वार्ता की अपील की है। यह नोटिस स्वतंत्र रूप से BTMS ने जारी किया है, जिसे SAIL-ISP की एकमात्र वार्ता यूनियन BIKS (BMS) का नैतिक समर्थन प्राप्त है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News