सीआईएसएफ जवान के खिलाफ ठेका मजदूरों ने किया हल्ला बोल

डीआईजी, ईडी एचआर व सीजेएम आईसी सर्विसेस से की गई शिकायत
सीआईएसएफ जवान के खिलाफ ठेका मजदूरों ने किया हल्ला बोल
Published on

बर्नपुर : सेल आईएसपी के न्यू फ्लाईओवर गेट के पास शनिवार शाम ठेका मजदूरों ने सीआईएसएफ जवान के खिलाफ हल्ला बोल कर गेट जाम कर दिया। गौरतलब है कि सीआईएसएफ द्वारा कथित अपशब्द कहे जाने को लेकर ठेका मजदूरों ने आक्रोशित होकर न्यू फ्लाई ओवर गेट को करीब आधे घंटे तक जाम कर दिया। वहीं मजदूरों द्वारा प्रदर्शन कर सीआईएसएफ के जवान को गेट से हटाने की मांग की गई। इसके बाद भारी संख्या में सीआईएसएफ के जवान और बीएमएस से संबंद्ध बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों द्वारा ठेका मजदूरों को समझा कर उन्हें शांत कराया गया।

क्या है मामला

सूत्रों ने बताया कि शनिवार शाम करीब 5 बजे आईएसपी प्लांट के न्यू फ्लाईओवर गेट के निकास पर ठेका मजदूर के निकलने के समय विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। बताया जा रहा है कि ड्यूटी समाप्त होने के बाद ठेका मजदूर अपनी साइकिल लेकर गेट से निकल रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गेट से बाहर निकलते समय ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ के एक जवान ने भीड़ को देखते हुये कथित रूप से कहा कि ठेका मजदूर के ऊपर गाड़ी चढ़ा दो। इस पर विवाद बढ़ गया और विवाद इतना बढ़ गया कि जवान ने मजदूर की साइकिल को लात मार दी, जिससे वहां मौजूद अन्य मजदूर भी आक्रोशित हो गए। मजदूरों ने कहा कि हमलोग दिन बर काम करते हैं और हमलोगों पर सीआईएसएफ के जवान रोब दिखाते हैं।

यूनियन ने उठाई आवाज

बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ के महासचिव संजीत बनर्जी और बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ के अध्यक्ष महेश बनर्जी ने सीआईएसएफ जवान के खिलाफ डीआईजी से शिकायत की है, साथ ही ईडी एचआर और सीजीएम आईसी सर्विसेस को कॉपी भेजा है। उन्होंने कहा कि आईएसपी का कोई भी अधिकारी, कर्मचारी एवं ठेका मजजूर हो, सीआईएसएफ के जवानों को सबको एक समान देखना होगा। साथ ही कहा कि अगर इस तरह का दोबारा दुर्व्यवहार होता है तो यूनियन द्वारा सभी गेटों पर मजदूरों को लेकर जाम कर दिया जायेगा।

क्या कहा सीआईएसएफ ने

सीआईएसएफ सूत्रों का कहना है कि गेट पर तैनात जवान अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। वहीं 5 बजे निकलने के दौरान गेट पर जाम लग गया था कारण एक्जिट के दौरान पैदल और साइकिल से जाने वाले मजदूर 2 एंड 4 व्हीलर निकलने वाले गेट पर आकर खड़े हो गये थे। साथ ही कहा कि उनके निकलने के लिए एक अलग गेट बनाया गया है। भीड़ होने के कारण उन्हें हटने को कहा गया तो मामले ने तूल पकड़ लिया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in