

आसनसोल : आसनसोल के एलआईसी मोड़ के पास जीटी रोड जाम कर LPG उपभोक्ता ने जमकर प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि उपभोक्ताओं ने खाली गैस सिलेंडरों को बीच सड़क पर रखकर डिस्ट्रीब्यूटर के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने गैस एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे यातायात बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसके बाद इसकी सूचना साउथ पीपी को दी गई। आसनसोल साउथ पीपी एवं ट्रैफिक पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच प्रदर्नकारियों को शांत कराने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि वे इस मामले में एजेंसी से बात कर समस्या का जल्द समाधान कराएंगे। इसके बाद स्थिति को नियंत्रण में किया गया।
क्या है घटना
स्थानीय उपभोक्ता का आरोप है कि पिछले 15 से 20 दिनों से उन्हें गैस सिलेंडर के लिए दौड़ाया जा रहा है, लेकिन एजेंसी की ओर से केवल आश्वासन दिया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि जब भी वे सिलेंडर लेने एजेंसी जाते हैं, तो उन्हें दो दिन बाद आने का झांसा देकर लौटा दिया जाता है। उपभोक्ताओं की शिकायत है कि एजेंसी में न तो कोई कर्मचारी ठीक से जवाब देता है और न ही प्रबंधन द्वारा फोन उठाया जा रहा है। बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज होकर लोगों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।