

आसनसोल : आसनसोल के जीटी रोड के बस्तिन बाजार मोड़ के पास बन रहे बहुतल मार्केट कॉप्लेक्स के निर्माण पर फिलहाल रोक लगाये जाने की सूचना है। बता दें कि यह निर्माण प्रारंभ से ही विवादों में घिरा रहा है। पहले इस स्थान पर पार्किंग प्लाजा बनाये जाने की योजना बनायी गयी पर आसनसोल नगर निगम में बोर्ड के बदलते ही उस योजना को बदल कर यहां मार्केट कॉप्लेक्स बनाने की घोषणा हो गयी। इसी बीच आईएनटीटीयूसी नेता राजू अहलूवालिया ने इस कॉप्लेक्स के निर्माण स्थल पर ही सवाल खड़ा कर दिया। उनकी शिकायत पर बीएलएंडआरओ के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि जिस स्थान पर इस कॉप्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है, वह राज्य सरकार का नहीं बल्कि रेल की जमीन है। इस जानकारी के बाद रेल प्रशासन के अधिकारी भी सक्रिय हो गये हैं। बताया जा रहा है कि रेल प्रशासन ने आसनसोल नगर निगम से इस निर्माण को बंद करने को कहा है। रेल प्रशासन से मिली जानकारी के बाद निगम प्रशासन ने भी उक्त कॉप्लेक्स के निर्माण करने वाली कंपनी के अधिकारियों को निर्माण कार्य बंद करने का मौखिक आदेश दे दिया। इस संबंध में निगम के चेयरमैन ने बताया कि रेल प्रशासन की आपत्ति के बाद उसे बंद कर जांच करने का आदेश दे दिया गया है। वहीं इस मुद्दे पर शिकायत कर्ता आईएनटीटीयूसी नेता राजू अहलूवालिया का कहना है कि जब जमीन निगम की नहीं है तो फिर निगम इस पर निर्माण कार्य करने की अनुमति कैसे दे सकता है। इस मुद्दे की गहन जांच होनी चाहिए। इसके पीछे कई गहरे राज खुल सकते हैं।