

आसनसोल : आसनसोल के गिरजा मोड़ स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस मौके पर पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रसेनजीत पुईतुंडी एवं आसनसोल साउथ ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष शाहआलम खान ने बताया कि कांग्रेस ने हाल ही में रेलपार इलाके में सामने आए 350 करोड़ रुपये के आर्थिक घोटाले पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि इस घोटाले के मुख्य अभियुक्त तहसीन अहमद हैं, जो तृणमूल के अल्पसंख्यक सेल के पूर्व वाइस चेयरमैन शकील अहमद के पुत्र हैं और वर्तमान में जेल में हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि उनके पास कोलकाता की एक कंपनी की बैलेंस शीट है, जिसमें एक शकील अहमद नामक व्यक्ति द्वारा भारी पूंजी निवेश और लेन-देने का उल्लेख है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह वही शकील अहमद हैं जो तहसीन अहमद के पिता हैं। कांग्रेस ने प्रशासन से इस मामले की विस्तृत जांच की मांग की है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बैलेंस शीट में दर्ज शकील अहमद और घोटाले में आरोपित परिवार के बीच कोई संबंध है या नहीं। उन्होंने कहा कि यदि यह वही व्यक्ति हैं, तो उन्हें भी जांच के दायरे में लाया जाना चाहिए। इस मौके पर राजेश दत्ता, वाजिद हुसैन, रशीद खान सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।