

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : छठ महापर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सचिव एवं रेलवे की DRUCC (जिला रेल उपयोगकर्ता परामर्श समिति) के सदस्य शम्भु नाथ झा ने एक बड़ी मानवीय पहल की है। DRUCC सदस्य बनने के बाद पहली बार उन्होंने छठ पर्व के उपलक्ष्य में आसनसोल रेलवे स्टेशन का दौरा कर रेलवे द्वारा यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन मैनेजर साधन चट्टोपाध्याय एवं वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों से मुलाकात की तथा सभी को अपना परिचय पत्र सौंपा। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों से विशेष अनुरोध किया कि छठ पर्व के दौरान यदि अपने घर जाने वाले किसी यात्री का सामान अथवा नकद राशि किसी कारणवश चोरी हो जाती है, तो यात्री की सत्यता की जांच कर तत्काल उन्हें सूचित किया जाए। ऐसे जरूरतमंद यात्रियों के टिकट एवं खाने-पीने की पूरी व्यवस्था का खर्च वे स्वयं वहन करेंगे। शम्भु नाथ झा ने कहा कि केवल टिकट के अभाव में कोई भी यात्री छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर अपने घर और परिवार तक नहीं पहुंच पाए, यह अत्यंत दुखद बात है। किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को छठ पर्व पर अपने परिवार से मिलने से वंचित नहीं होना चाहिए। छठ आस्था, परिवार और एकता का पर्व है। इसमें हर व्यक्ति को अपने परिवार के साथ होना चाहिए। उन्होंने स्टेशन मैनेजर को यह भी आश्वासन दिया कि जल्द ही दिव्यांगजनों एवं बुजुर्ग यात्रियों की सुविधा के लिए वे अपनी ओर से व्हीलचेयर उपलब्ध कराएंगे। स्टेशन पर अक्सर बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों को प्लेटफार्म तक जाने में परेशानी होती है। व्हीलचेयर मिलने से उन्हें काफी राहत मिलेगी। स्टेशन दौरे के दौरान उन्होंने प्लेटफार्म, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छठ पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुविधा एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा किए गए प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।