

सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल रवींद्र भवन में आयोजित लाभार्थी संपर्क अभियान में एक कोयला कारोबारी भाजपा का बैज लगाकर पहुंच गया जिसे देखते ही हंगामा मच गया। गौरतलब है कि जामुड़िया मंडल-4 के कथित कोयला कारोबारी एमडी अनवर के गले में कार्यकर्ता का बैज लगा था, जिस बैज को लेकर उसे कार्यक्रम से बाहर निकाला दिया गया। भाजपा माइनॉरिटी सेल की जिलाध्यक्ष नाजनीन सबिहा ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि कोई तृणमूल कार्यकर्ता एवं कोयला कारोबारी गले में भाजपा कार्यकर्ता का बैज लगाकर सेमिनार में बैठा है। इसके बाद उन्होंने वहां जाकर जांच की तो देखा गया कि कोयला कारोबारी भाजपा का बैज लगाये बैठा है। यह देख उससे पूछा गया कि उसे किसने बुलाया है तो वह कोई सटीक जवाब दे नहीं पाया। नाजनीन सबिहा ने कहा कि यह कार्यक्रम सार्वजनिक था पर कोयला कारोबारी एवं तोलाबाजी करने वालों के लिए नहीं था। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वह भाजपा के इस कार्यक्रम में कैसे पहुंच गया। उन्होंने अनवर के बैज पर लिखे बाराबनी का हवाला देते हुए भी सवाल उठाया कि उनके मुताबिक अनवर जामुड़िया में रहता है तो बाराबनी का भाजपा का बैज कैसे मिल गया। इसके बाद कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनवर से बैज लेकर उसे रवींद्र भवन परिसर से बाहर कर दिया जिससे वहां कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। वहीं एमडी अनवर का कहना है कि वह भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता नहीं है, लेकिन भाजपा का समर्थन करता है। उसका कहना था कि पिंटू साधु ने उसे कार्यक्रम में आने के लिए आमंत्रित किया था।