

पांडवेश्वर : ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (CMD) सतीश झा ने सोनपुर बाजारी क्षेत्र का दौरा कर वर्तमान खनन कार्यों और आगामी योजनाओं का जायजा लिया। क्षेत्र में पहुंचने पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक एसके झा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों व विभागाध्यक्षों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने दौरे के दौरान सीएमडी सतीश झा ने ग्राउंड जीरो पर उतरकर 2सी 2डी पैच, 226.78 एलक्यूम ओबी पैच और ड्रैगलाइन फेस का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे खनन कार्यों की बारीकियों को देखा और वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उत्पादन योजना व परिचालन उत्कृष्टता को लेकर क्षेत्रीय व प्रोजेक्ट अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन और रणनीतिक इनपुट दिए।
लक्ष्य हासिल करने का साझा किया रोडमैप
निरीक्षण के बाद सोनपुर बाजारी क्षेत्र के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय महाप्रबंधक एसके झा ने एक विस्तृत प्रस्तुति के माध्यम से चालू वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित 13.5 मिलियन टन वार्षिक उत्पादन लक्ष्य को हासिल करने का पूरा रोडमैप सीएमडी के समक्ष साझा किया। उन्होंने सीमा समायोजन, प्रस्तावित बनबहाल-II ओसी पैच और भाटमुरा व मधुडांगा गांवों के विस्थापन जैसी प्रमुख पहलों व चुनौतियों को रेखांकित किया।
समयबद्ध पुनर्वास पर CMD का विशेष जोर
समीक्षा बैठक के दौरान CMD सतीश झा ने चालू वित्तीय वर्ष में सोनपुर बाजारी क्षेत्र को मिले कोयला उत्पादन लक्ष्य को हर हाल में हासिल करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने भाटमुरा, मधुडांगा, नबग्राम और बनबहाल गांवों के समयबद्ध पुनर्वास (R&R) पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा, "भविष्य के विस्तार को सुगम बनाने के साथ-साथ प्रभावित परिवारों का उचित और गरिमापूर्ण पुनर्वास हमारी प्राथमिकता है।"
पूरी टीम को मिली नई दिशा और ऊर्जा
टीम सोनपुर बाजारी को संबोधित करते हुए सीएमडी ने कुशल संसाधन उपयोग, सक्रिय योजना और निरंतर विकास सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने को कहा। दौरे के समापन पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक एसके झा ने कहा कि सीएमडी सतीश झा के इस दौरे और मार्गदर्शन से ईसीएल के संगठनात्मक लक्ष्यों को समय पर हासिल करने के लिए पूरी टीम को एक नई दिशा और प्रेरणा मिली है। पूरी टीम इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।