

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : दुर्गापुर स्टील टाउनशिप के नेहरू स्टेडियम में सीआईएसएफ की डीएसपी यूनिट की मेजबानी में 26 से 29 अक्टूबर तक आयोजित सीआईएसएफ इंटर-सेक्टर बैडमिंटन चैंपियनशिप का समापन बड़े उत्साह के साथ हुआ। इस चैंपियनशिप में विभिन्न यूनिटों के 200 से अधिक जवानों ने हिस्सा लिया, जिसमें 35 से अधिक महिला जवान भी शामिल रहीं।
समापन समारोह में डीएसपी और इस्को बर्नपुर के डीआईसी सुरजीत मिश्रा, सीआईएसएफ के डीएसपी यूनिट की डीआईजी रुचि आनंद, ईडी (वर्क्स) सौम्य टोकदार, ईडी (प्रोजेक्ट्स) एसके गजलिया, ईडी (एमएम) बीएस थलोपी, सीजीएम (टाउनशिप) पीके सिन्हा, डीवीसी अंडाल के एचओडी अनीश कुमार जैन और डीसीपी रसप्रीत सिंह समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
सिंगल्स और डबल्स वर्ग में खेले गए फाइनल मुकाबले काफी रोमांचक रहे, जिसमें खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना, अनुशासन और जुझारूपन दिखाया। अंत में एपीएस-द्वितीय ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता, जबकि एपीएस-प्रथम उपविजेता रहा।
इस चैंपियनशिप का डीएसपी यूनिट के लिए विशेष महत्व रहा कारण पहली बार यूनिट ने किसी भी खेल में इंटर-सेक्टर चैंपियनशिप की मेजबानी की है।
चैंपियनशिप के सफल आयोजन पर डीआईजी रुचि आनंद ने कहा कि यह आयोजन हमारे लिए गर्व का क्षण है। पहली बार इंटर-सेक्टर स्तर की चैंपियनशिप का सफलतापूर्वक आयोजन कर हमने साबित किया कि सीआईएसएफ न सिर्फ सुरक्षा में बल्कि खेल और फिटनेस को बढ़ावा देने में भी अग्रणी है।