सीआईएसएफ एक माह में 64 लाख का कोयला किया जब्त

सीआईएसएफ एक माह में 64 लाख का कोयला किया जब्त
Published on: 

जितेन्द्र, सन्मार्ग संवाददाता

सांकतोड़िया : ईसीएल के कोयला क्षेत्रों में अवैध खनन और कोयला तस्करी के खिलाफ सीआईएसएफ ने एक माह के दौरान व्यापक अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। सीआईएसएफ की कार्रवाई में करीब 1200 टन अवैध कोयला जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान कोयला ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे 2 ट्रक, 31 बाइक और 85 साइकिल भी जब्त की गई हैं। सीआईएसएफ की इस कार्रवाई से कोयला चोरी और अवैध परिवहन में लगे लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। सुरक्षा बल ने कोयला क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही संवेदनशील इलाकों में लगातार छापेमारी और गश्ती अभियान चलाया। इसी क्रम में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में चोरी का कोयला बरामद किया गया।

निगरानी बढ़ने से कोयला चोरों में बेचैनी

ईसीएल के खनन क्षेत्रों से कोयला चोरी रोकना प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती रही है। चोरी किए गए कोयले को विभिन्न रास्तों से बाहर निकालकर अवैध कारोबार से जुड़े लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जाती है। इसे रोकने के लिए सीआईएसएफ ने खदान क्षेत्रों के साथ-साथ निकासी मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई है। सीआईएसएफ कमांडेंट राहुल सिंह गौतम के अनुसार कोयला चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही जब्ती और वाहनों की धर-पकड़ से अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में बेचैनी बढ़ गई है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in