

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : ISP बर्नपुर में CISF यूनिट ने चोरी की एक बड़ी वारदात को नाकाम करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। CISF सूत्रों के अनुसार, 3 अक्टूबर की रात लगभग 1 बजे CIW टीम को सूचना मिली थी कि ओल्ड प्लांट एरिया में कुछ संदिग्ध लोग घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही P&B हाउस केबल एरिया के पास जाल बिछाया गया। रात करीब 3:40 बजे टीम ने दो लोगों को इंसुलेटेड तांबे के केबल के टुकड़े ले जाते देखा। CISF जवानों ने पीछा कर एक बदमाश को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर झाड़ियों की ओर भाग गया। मौके से लगभग 30 किलो वजनी स्क्रैप कॉपर केबल बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 21 हजार रुपये आंकी गई है। इसके बाद QRT और CIW टीम ने पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद दूसरे अभियुक्त को भी ED प्रोजेक्ट के पास IGLER हाउस-2 के समीप से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों अभियुक्तों की प्लांट अस्पताल में मेडिकल जांच कराने के बाद चोरी के माल समेत हीरापुर थाने को सौंप दिया गया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।